Shimla: निजी स्कूल से तीसरी कक्षा की बच्ची को ले जाने पहुंचे थे 3 संदिग्ध

Khabron wala 

राजधानी शिमला के ठियोग उपमंडल से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फागू स्थित एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में 3 संदिग्ध लोग तीसरी कक्षा की एक मासूम बच्ची को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, स्कूल प्रशासन की सूझबूझ और सतर्कता के चलते एक अनहोनी टल गई और बच्ची सुरक्षित है।

छुट्टी के वक्त पहुंचे थे 2 पुरुष और एक महिला

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2.50 बजे की है, जब स्कूल में छुट्टी का समय था। इसी दौरान 2 पुरुष और एक महिला स्कूल परिसर में दाखिल हुए। उन्होंने स्कूल स्टाफ से संपर्क किया और तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा को अपने साथ भेजने की मांग की।

पूछताछ में खुली पोल, स्कूल प्रबंधन ने दिखाई सूझबूझ

बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर स्कूल प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए तुरंत उन लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। जब उनसे बच्ची को ले जाने का कारण और उनके संबंध के बारे में पूछा गया तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब या पहचान नहीं दे पाए।

संदेह होने पर स्कूल प्रबंधन ने बच्ची को उनके साथ भेजने से साफ इंकार कर दिया। स्कूल की इस कड़ाई को देखकर तीनों संदिग्ध वहां से खिसक गए। इसके बाद वाइस प्रिंसीपल ने तुरंत इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही ठियोग थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 62 और 3(5) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान के लिए स्कूल परिसर और फागू के आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, जल्द ही संदिग्धों को पकड़ लिया जाएगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!