Khabron wala
पुलिस थाना बालूगंज के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, जहां एक आल्टो कार और बोलेरो कैंपर के बीच हुई भीषण टक्कर में कार चालक की जान चली गई। दिनेश कुमार निवासी गांव कडोह रियाश डाकघर चांदना तहसील रेणुकाजी/ददाहू जिला सिरमौर ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह सुबह करीब 11.30 बजे अपने बोलेरो कैंपर में कर्मचारियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार आल्टो 800 कार जिसे राकेश कुमार चला रहा था, ने उसकी बोलेरो कैंपर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोघी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आल्टो कार के चालक राकेश कुमार को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस थाना बालूगंज में इस संबंध में बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।











