ADVERTISEMENT

संगड़ाह: लगनू प्राइमरी स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल; नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर

Khabron wala

जिला सिरमौर के प्राथमिक स्कूल लगनू में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा के दौरान कमरे की छत का भारी प्लास्टर अचानक नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से चौथी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा काव्या घायल हो गई। उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी संगड़ाह से डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान कमरे की छत से बजरीनुमा भारी प्लास्टर का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया और छात्रा काव्या के सिर पर जा लगा। हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने घायल छात्रा को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह पहुंचाया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद छात्रा की चोट को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी स्कूल परिसर में पहुंच गए। स्थानीय शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया।

बताया जा रहा है कि स्कूल के जिस कमरे में यह घटना हुई, उसकी हालत ठीक नहीं थी। छत से प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूल भवन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों में घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।

घायल छात्रा के पिता कपिल कंठ ने बताया कि बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज नाहन पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बच्ची की हालत ठीक है।

उधर, शिक्षा उपनिदेशक एलिमेंट्री सिरमौर राजीव ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। स्कूल प्रशासन से भी मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। भवन की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर पूरी जानकारी रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *