ADVERTISEMENT

Solan: नीचे काम कर रही थी JCB…ऊपर से अचानक दरक गई पहाड़ी, मलबे में दबने से 19 वर्षीय चालक की मौत

Khabron wala 

चंडीगढ़-शिमला नैशनल हाईवे-5 पर हाल ही में खुले परवाणू लिंक रोड के समीप शुक्रवार को हुए एक हादसे में जेसीबी मशीन के चालक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार लिंक रोड के समीप पिल्लर के पास जेसीबी मशीन के जरिए कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा खिसक कर सीधे मशीन पर आ गिरा। मलबा इतना अधिक था कि चालक को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वह मशीन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। अग्निशमन विभाग, पुलिस दल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग ने अन्य बचाव कर्मियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर चालक को बाहर निकाला गया। उसे गंभीर हालत में तुरंत ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 19 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र राज कुमार निवासी राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगामी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उधर, नायब तहसीलदार शकुंतला पटियाल ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार में केवल उसके पिता ही हैं। प्रशासन की ओर से शनिवार सुबह पीड़ित पिता को 25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *