Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में शिमला के सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड में शिमला पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. एएसपी शिमला मेहर पंवार ने बताया कि जांच के दौरान ये सामने आया है कि मृतका का भाई हिमांक मित्तल ही हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड था. हिमांक मित्तल ने अपने दोस्त गोविंद की मदद से शूटर आशीष और दीपक को मनीषा की हत्या के लिए सुपारी दी. पुलिस जांच के दौरान ये भी सामने आया है कि हिमांक ने गोविंद के बैंक खाते में 8.5 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे, जिनका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया.
“शिमला पुलिस ने 28 जून को गोविंद और 29 जून को हिमांक मित्तल को गिरफ्तार किया. गोविंदर को अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है, जबकि हिमांक की तबीयत खराब होने के कारण वो फिलहाल रोहतक में है. पुलिस ने उसे गिरफ्त में लेने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.” – मेहर पंवार, एएसपी शिमला
एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि पुलिस जांच में ये भी खुलासा हुआ है कि हिमांक मित्तल और गोविंद के पास स्कूल के सीसीटीवी सिस्टम का एक्सेस था. इसी एक्सेस के जरिए स्कूल की सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी हत्यारों को उपलब्ध कराई गई, जिससे वारदात की योजना बनाने में मदद मिली. एएसपी शिमला ने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पूरे षड्यंत्र से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
पहले विदेश भाग गया था गोविंद
एएसपी शिमला मेहर पंवार ने बताया कि जांच में सामने आया की मृतका अपने भाई हिमांक मित्तल और उसके पार्टनर गोविंद के साथ प्रॉपर्टी डिस्प्यूट चल रहा था. गोविंद ने किराए पर कार लेकर दोनों शूटरों को उपलब्ध करवाई थी. घटना के बाद से गोविंद फरार था. पुलिस से बचने के लिए पहले वो विदेश भाग गया था, विदेश से वापस लौटने के बाद भी अपना फोन बंद रखा और लगातार छुपने की कोशिश करता रहा. पुलिस के लगातार प्रयास और तकनीकी जांच के आधार पर 28 जून को आरोपी गोविंद को रोहतक, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया. हिमांक मित्तल को अगले दिन गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
गौरतलब है कि 13 जून को संजौली में सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मार कर हत्या कर दी गई. घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब वो पास की दुकान से सामान लेकर वापस स्कूल लौट रही थी. शूटर पहले ही घात लगाकर बैठे हुए थे और स्कूल के गेट के पास मनीषा की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने एक स्पेशल टीम गठित की और करीब 39 घंटों की अंदर दोनों शूटरों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शूटरों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल दोनों पिस्तौल भी बरामद कर ली. जिसके बाद कोर्ट ने आरोपियों को 7 दिन की रिमांड पर भेजा. वहीं, इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है और वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.










