शिमला: हिमाचल में कोरोना संक्रमण के दो और मामले सामने आये हैं। आइजीएमसी अस्पताल में शुक्रवार देर रात कोरोना के दो पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। आइजीएमसी में लिए गए 40 जांच के नमूनों में 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से खलबली मच गई है। पाॅजिटिव पाए गए दोनों मरीज सोलन जिला से ताल्लुक रखते हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की तादाद बढ़कर 20 हो गई है। करीब 8:00 बजे टांडा से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव से नेगेटिव आई थी। रिपीट रिपोर्ट में रोगियों के नेगेटिवपाए जाने की सूरत में राज्य में एक्टिव केसों की संख्या घटकर 18 हो गई थी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आर.डी.धीमान ने बताया कि शुक्रवार को 127 लोगों के नमूनों की जांच की गई । इनमें 125 नमूनों की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है, वहीं आइजीएमसी से 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव रही। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक कुल 940 लोगों की जांच की गई है। इनमें 870 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। प्रदेश में अब तक 30 लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव रही है। इनमें दो लोग ईलाज के उपरांत स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। चार लोग प्रदेश के बाहर इलाज करवा रहे हैं तथा एक संक्रमित मरीज की मौत हुई है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में कुल 5200 लोगों को निगरानी में रखा गया है और इनमें 2785 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया व वे स्वस्थ हैं।
इसके अलावा एक्टिव केस फाइंडिंग कैंपेन के तहत अब तक 65 लाख से अधिक लोगों की मौखिक जांच की गई है। नालागढ़ क्षेत्र से 2 सैंपल पॉजिटिव जाने के बाद अब फिर प्रदेश में कोरोना ग्रसित मरीजों की संख्या 20 पहुंच गई है। आज शाम को ही राहत वाली खबर यह आई थी कि टांडा से तीन लोगो को छुट्टी दे दी जाएगी, जबकि आईजीएमसी से भी 3 रोगियों की फर्स्ट रिपोर्ट पॉजिटिव से नेगेटिव आई थी।
उधर, जानकारी के अनुसार निजी अस्पताल के संक्रमित पाए गए स्टाफ में एक लैब तकनिशियन है जबकि एक रिसेप्शनिस्ट के पद पर तैनात है। गौर हो कि चंडीगढ़ में कोरोना के चलते दम तोडऩे वाली बुजुर्ग महिला को तेज बुखार की शिकायत पर 2 अप्रैल को सबसे पहले इसी अस्पताल में लाया गया था। माना जा रहा है कि यहीं से स्टाफ भी संक्रमित हुआ है।












