ADVERTISEMENT

हिमाचल पुलिस और शराब ठेका कर्मियों में मारपीट, जांच के लिए पहुंची टीम पर हमला, कारोबारी बोला- नशे में थी खाकी

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पंजाब से सटे मैहतपुर में एक शराब के ठेके पर बुधवार देर रात कारोबारी और पुलिस के बीच मारपीट हुई है। शराब कारोबारी और पुलिस ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां महिला की शिकायत पर पुलिस शराब ठेके पर पहुंची थी, जहां सेल्समैन ने पुलिस पर हमला कर दिया।

वहीं, शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि उनके एक पूर्व कर्मचारी राकेश से 70 हजार रुपये पैसों के लेन-देन को लेकर दिन में बातचीत हुई थी और उसे वापस भेज दिया गया था। इसके बाद रात के समय कुछ लोग सादे कपड़ों में ठेके पर पहुंचे और सेल्समैन से कहने लगे कि यहां एक व्यक्ति को बंधक बनाकर रखा है। सेल्समैन द्वारा ऐसी किसी बात से इन्कार करने पर वे जबरन ठेके में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी।

कारोबारी ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारी थे, जो नशे की हालत में थे। उन्होंने बिना अधिकार ठेके में प्रवेश किया और जबरन ताला लगाने का प्रयास भी किया। कारोबारी के अनुसार सेल्समैन ने उन्हें फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।

इससे पूर्व मैहतपुर पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया था कि उसके बेटे राकेश को मैहतपुर के शराब ठेके के सेल्समैन अपने साथ ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम युवक की तलाश में निकली और जांच के दौरान मैहतपुर स्थित एक शराब ठेके पर पहुंची। तो उक्त पिटाई और पुलिस पर हमले की बात सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस की ओर से शराब ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस टीम के साथ मारपीट करने और शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *