”पक्की नौकरी का किया था वायदा, अब स्टाइपैंड के नाम पर युवाओं को छल रही कांग्रेस”, सुक्खू सरकार पर बरसे विपिन परमार

Khabron wala 

भाजपा के वरिष्ठ नेता विपिन सिंह परमार ने कहा कि साढ़े 3 वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, महिलाओं और गरीब वर्ग की अपेक्षाओं पर विफल रही है। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय ऊना में पत्रकारवार्ता करते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां देने, पक्की नौकरी और पुरानी पैंशन सहित कई बड़े वायदे किए थे लेकिन आज अधिकांश गारंटियां केवल चुनावी घोषणाएं बनकर रह गई हैं।

विपिन परमार ने कहा कि सरकार रोजगार देने के बजाय युवाओं को स्किल टैस्ट और स्टाइपैंड आधारित नियुक्तियों के नाम पर भ्रमित कर रही है। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालकों का उदाहरण देते हुए कहा कि कर्मचारियों को समय पर डीए, मेडिकल भत्ते और ओवरटाइम का भुगतान नहीं मिल रहा है, जबकि सेवानिवृत्त कर्मचारी भी अपने लंबित लाभों के लिए परेशान हैं। ऐसे में सरकार ने नियमित भर्ती की बजाय जॉब ट्रेनिंग पॉलिसी के तहत नियुक्तियां शुरू कर युवाओं के साथ धोखा किया है।

विपिन परमार ने प्रदेश सरकार पर लगातार नए टैक्स लगाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वायदा किया था लेकिन आज जनता से नए-नए शुल्क वसूले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार प्रदेश को आपदा राहत, पुनर्वास और विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवा रही है लेकिन यह राशि जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंच रही। उन्होंने मुख्यमंत्री से राहत राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग भी की।

इससे पूर्व भाजपा कार्यालय ऊना में पार्टी कार्यकर्त्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 29 और 30 जून को ऊना में होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्त्ता ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!