स्कूल से लौटते समय 9वीं के छात्र पर गिरी निर्माणाधीन भवन की ईंट, 12 वें दिन इलाज के दौरान तोड़ा दम

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक निर्माणाधीन भवन से गिरी ईंट के कारण घायल हुए नौवीं कक्षा के छात्र ने रविवार को आईजीएमसी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि छात्र पिछले 12 दिनों से आईसीयू में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान 14 वर्षीय तनिष कौशल के रूप में हुई है। वह नौवीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि तनिष 29 अप्रैल की दोपहर को स्कूल से घर वापस आ रहा था, तभी संजौली क्षेत्र से गुजरते समय एक निर्माणाधीन इमारत से अचानक एक ईंट उसके सिर पर आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद आइजीएमसी में उसका उपचार चल रहा था। उसे वेंटिलेटर और आईसीयू सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन रविवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

क्षेत्र में शोक की लहर

परिजनों ने निर्माण कार्य में लगे लोगों और प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है। संजौली थाना पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत पहले ही मामला दर्ज कर लिया था और मामले की जांच में जुटी हुई थी। वहीं, छात्र के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद संजौली के निवासियों में भारी गुस्सा है। बच्चे की मौत से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!