सात फेरे लेते समय साथ जीने मरने की कस्में खाई थीं और एकसाथ ही दुनिया से रुखसत हुए. यह दर्दनाक मामला हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सामने आया है, जहां पर खाई में गिरने से पति पत्नी की मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, चंबा के भरमौर की यह घटना है, चहां पर युवा दंपति अकाल मृत्यू का ग्रास बन गया. दोनों की पहचान 33 वर्षीय गौरख कुमार और 26 वर्षीय सुषमा के रूप में हुई है. ये दोनों चंबा के भरमौर के धरवाला की दाड़वी पंचायत के गांव उहां के रहने वाले थे. बुधवार को गौरख सुषमा के साथ उसके मायके लिल्ह गया था. गुरुवार को दोनों अपने घर लौट रहे थे. सुबह का समय था औऱ रास्ता खतरनाक था. इस बीच लिल्ह के पास ही गौरख का पैर फिसला और वह गिरने लगे तो खाई में गिरने से बचाने के लिए पत्नी भी दौड़ने लगी. हालांकि, इस दौरान वह भी खाई में गिर गई और दोनों की मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलने मिलने पर गांव में चीखपुकार मच गई और परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे. बाद में दोनों के शवों को खाई से निकाला गया और अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एसपी विजय सकलानी ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है. परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं. गौर रहे कि हिमाचल प्रदेश में सरकार की ओर से ढांक से गिरने के बाद मौत पर चार लाख रुपये दिए जाते हैं. आपदा के तहत सरकार परिजनों को मुआवजा देती है.









