ADVERTISEMENT

Himachal: अपनों ने ही छीनी खुशियां! युवती को जान देने के लिए उकसाने के आरोप में चाचा-चाची और भाई गिरफ्तार

Khabron wala

चम्बा जिले के भटियात क्षेत्र की पंचायत तुनुहट्‌टी के जंद्राह गांव में युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती के चाचा-चाची और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा से पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव घर लाया गया। शव के पहुंचते ही थाना प्रभारी चुवाड़ी अखिलेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की गहन जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने युवती द्वारा सेवन किए गए जहरीले पदार्थ की शीशी और स्कूल नोटबुक में लिखा गया सुसाइड नोट बरामद किया।

घर और जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का अपने परिजनों के साथ घर और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी कई बार इस तरह की कहासुनी हो चुकी थी। मानसिक तनाव में आकर युवती ने घर में रखी जहरीली दवाई का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने पहले उसे स्थानीय क्लीनिक में दिखाया और बाद में 17 अप्रैल को चुवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि 9 दिन तक उपचार के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। इसी दौरान एक रिश्तेदार से बातचीत में युवती ने जहर खाने और सुसाइड नोट लिखने की बात बताई।

टांडा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
चिकित्सकों की सलाह पर युवती को टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर तीनों आरोपियों चाचा अरूण, चाची तपस्या और चचेरे भाई रूशल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!