Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां पर एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार पिता और बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि बेटा और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, इस दुखद घटना के बाद से इलाके में शोक की लहर है।
पिता और पुत्री की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, हादसा जिले के ननखड़ी क्षेत्र में ननखड़ी-पुनन सड़क पर जंगल इलाके में हुआ। मृतकों की पहचान ननखड़ी तहसील के शौली क्षेत्र के लौहटी गांव निवासी 49 वर्षीय कुंदन लाल और उनकी बेटी आकृति (16 वर्षीय) के रूप में हुई है। आकृति 11वीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात सभी लोग अपने गांव लौट रहे थे, तभी ननखड़ी चौक से आगे उनकी कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि पिता और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुंदन लाल का 12 वर्षीय बेटा अरब और कार चालक 55 वर्षीय सतपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थाना ननखड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की वजह लापरवाही से वाहन चलाना माना है। फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में छाया मातम
एक साथ पिता और बेटी की मौत की खबर सुनते ही लौहटी गांव में मातम छा गया है। पुलिस हादसे के तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।












