सिरमौर में नशे के सौदागरों पर बड़ा शिकंजा, जगह-जगह रेड, स्मैक और नशीले कैप्सूल के साथ 3 धरे

Khabron wala 

जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में स्मैक और प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पांवटा साहिब, मोगीनंद और माजरा क्षेत्र में हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस ने ND&PS Act के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पहले मामले में जिला सिरमौर की डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम ने गश्त और मादक पदार्थों से जुड़ी गुप्त सूचनाएं एकत्र करने के दौरान मिली सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रपाल निवासी वार्ड नंबर-10 देवीनगर, पांवटा साहिब अपने घर में स्मैक/हेरोइन बेचने का धंधा करता है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी के कब्जे से 11.01 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में ND&PS Act में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी का रिमांड हासिल कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

दूसरे मामले में जिला सिरमौर की SIU टीम ने मोगीनंद क्षेत्र में नशा विरोधी अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए अमित कुमार निवासी डिंगरवाला को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कालाअंब, मोगीनंद और सैनवाला क्षेत्र में नशीले कैप्सूल और दवाइयों की सप्लाई करता है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के मोटरसाइकिल के हैंडल में रखी पॉलिथीन से 40 प्रतिबंधित Tramadol कैप्सूल और 50 Pregabalin कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, तीसरे मामले में पुलिस थाना माजरा की टीम ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर जगतपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस ने टैंपो के चालक अरशद अली निवासी जगतपुर के वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 90 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना माजरा में केस दर्ज किया है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!