ब्यास नदी किनारे इंसान का कटा पैर मिलने से मचा हड़कंप, लापता लोगों का रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस

Khabron wala 

जिला मुख्यालय कुल्लू के समीपवर्ती गांव बबेली में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब ब्यास नदी के किनारे एक अज्ञात मानव शरीर का कटा हुआ पैर बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और कुल्लू अग्निशमन विभाग की रैस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। हालांकि, सघन तलाशी अभियान के बावजूद अभी तक मौके से कोई शव बरामद नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को कुल्लू अग्निशमन केंद्र को एक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें बबेली में ब्यास नदी के पास एक शव होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑप्रेशन शुरू कर दिया। अग्निशमन विभाग के राहत एवं बचाव दल और पुलिस ने नदी के किनारे काफी खोजबीन की, लेकिन मौके से किसी व्यक्ति का पूरा शव बरामद नहीं हुआ। टीम को वहां केवल एक अज्ञात मानव शरीर का कटा हुआ पैर ही मिला है।

पुलिस ने बरामद किए गए पैर को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस और फायर टीम हर एंगल से इस बात की जांच कर रही है कि यह पैर आखिर किसका है। यह मामला किसी दर्दनाक हादसे का परिणाम है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, इसका खुलासा होना अभी बाकी है। फिलहाल, मृतक की पहचान करने के लिए पुलिस द्वारा आसपास के थानों में हाल ही में लापता हुए लोगों की सूची खंगाली जा रही है। मामले से जुड़े अन्य सुराग जुटाने और शव के बाकी हिस्सों को ढूंढने के लिए अग्निशमन और पुलिस की टीमें नदी के आसपास के अन्य हिस्सों में गहन सर्च ऑप्रेशन चला रही हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!