Khabron wala
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 6 जून को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। बैठक का आयोजन प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हाल में होगा। मंत्रिमंडल बैठक के लिए हालांकि कार्यसूची बाद में प्रेषित की जाएगी, लेकिन इस दौरान मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं को स्वीकृति मिल सकती है। विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने एवं सृजित करने का भी बैठक में निर्णय लिए जाने की संभावना है।
राज्य में शहरी निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के कारण जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता को देखते हुए सरकार कई निर्णयों को नहीं ले पाई है। इसको देखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णयों को लिए जाने की संभावना है। इससे पहले गत 22 मई को आदर्श चुनाव आचार संहिता के बीच मंत्रिमंडल बैठक का आयोजन किया गया था, जिसको लेकर विपक्षी भाजपा ने भी सवाल उठाए थे।
शहरी निकाय व पंचायत चुनाव पर चर्चा संभव
मंत्रिमंडल बैठक के दौरान शहरी निकाय व पंचायती राज संस्थाओं पर चर्चा की संभावना है। बैठक में सरकार की तरफ से चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निपटाने के लिए चुनाव आयोग व बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए जनता का आभार भी जताया जा सकता है।
मंत्रिमंडल बैठक के बाद होगी ब्रीफिंग
मंत्रिमंडल बैठक के बाद सरकार की तरफ से ब्रीफिंग भी की जाएगी। इसमें सरकार की तरफ से बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी जाएगी। इससे पहले आदर्श चुनाव आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए गत 22 मई की मंत्रिमंडल बैठक की जानकारी देने के लिए सरकार की तरफ से ब्रीफिंग नहीं की गई थी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों के निपटारे के आदेश दिए तथा लंबित मामलों का निपटारा समयबद्ध करने के निर्देश दिए।










