Sirmour: ट्रैक्टर की चपेट में आने से 10 साल के मामूस की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Khabron wala 

जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से सटे मोगीनंद के समीप सलानी खड्ड में 10 वर्षीय मासूम की एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान सोनू पुत्र देवदत्त के रूप में हुई है। उधर, कालाअंब पुलिस ने शव कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सलानी खड्ड के समीप बसी एक बस्ती में रह रहा सोनू खड्ड में नहाने के लिए गया हुआ था। इस दौरान वह खड्ड से गुजर रहे एक ट्रैक्टर के पिछले टायर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं चालक से भी पूछताछ की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया है।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज नाहन भेजा गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!