Khabron wala
चंडीगढ़ में हिमाचल की एक महिला पंचायत प्रधान के पति की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। यह वारदात चंडीगढ़ के वीवीआईपी और सबसे सुरक्षित माने जाने वाले सैक्टर-11 में पेश आई है। यहां के प्रसिद्ध कुमार मेडिकल स्टोर के भीतर घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने काऊंटर पर बैठे कैशियर को ऑटोमैटिक गन से गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान हिमाचल के शिमला जिला के रोहड़ू निवासी जानकी दास (45) के रूप में हुई है। इस हत्याकांड का सीधा कनैक्शन हिमाचल से इसलिए जुड़ा है, क्योंकि जानकी दास की पत्नी ने हाल ही में रोहड़ू में हुए पंचायत चुनाव में प्रधान पद का चुनाव जीता है और वह वर्तमान में ग्राम पंचायत प्रधान हैं। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे रोहड़ू क्षेत्र सहित हिमाचल प्रदेश में शोक और दहशत की लहर दौड़ गई है।
ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए थे 2 नकाबपोश बदमाश
जानकारी के अनुसार जानकी दास वर्तमान में चंडीगढ़ के धनास में रह रहे थे और कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर थे। वीडियो के अनुसार रविवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे 2 नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने काऊंटर पर खड़े जानकी दास पर महज एक सैकेंड के भीतर ताबड़तोड़ 13 राऊंड फायर कर दिए। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरी दुकान में अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ जानकी दास को तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात में बिश्नोई गैंग का हाथ होने की आशंका
वारदात की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ के एसपी सुमेर प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों और प्राथमिक जांच के मुताबिक इस हत्या के पीछे लॉरैंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने का अंदेशा जताया जा रहा है, क्योंकि इससे पहले कुमार कैमिस्ट शॉप के मालिकों को इस गैंग की तरफ से रंगदारी के लिए कई बार धमकियां और कॉल आ चुके थे। इस हत्याकांड से हिमाचल खासकर जिला शिमला के रोहड़ू में शोक की लहर दौड़ गई है।










