Khabron wala
विकासनगर में रंजिश के चलते भाजपा युवा मोर्चा नेता की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना के बाद दो अन्य भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
रानी रंजिश के चलते शनिवार को सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला के पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे और अन्य लोगों ने मिलकर विनोद उसके भाई अशोक व राजेश पर हथियारों से हमला कर दिया। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हरबर्टपुर स्थित अस्पताल में विनोद (45 वर्ष) ने दम तोड़ दिया। वह भाजपा के युवा मोर्चा का नेता बताया जा रहा है और पूर्व में बीडीसी का चुनाव भी लड़ चुका है। एक पक्ष हिंदू और दूसरा मुस्लिम होने के कारण विवाद ने सांप्रदायिक रंग ले लिया।
गांव में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठन एकत्र हो गये। उन्होंने धर्मस्थल और आरोपियों के मकान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। साथ ही कार्यकर्ताओं का एक दल दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गया।
जानकारी के अनुसार विनोद और उसके परिवार ने पूर्व प्रधान इस्पाक के कार्यकाल की सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत कई जानकारी मांगी थी। उन्होंने प्रधान के कार्यकाल में ग्राम समाज की भूमि और अन्य मामलों में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। इससे दोनों पक्षों में रंजिश पैदा हो गई थी।
दोनों परिवारों में अक्सर झगड़े होते रहते थे। शनिवार को विनोद और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी डाल रहे थे। बगल का खेत पूर्व प्रधान इस्पाक के भतीजे इम्तियाज का था। इम्तियाज के आपत्ति जताने पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इस दौरान अमन, यूनुस, अनीस और रज्जाक आदि भी मौके पर आ गए। फिर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
अस्पताल में उपचार के दौरान विनोद की मौत
आरोप है कि इम्तियाज और उसके साथियों ने विनोद, अशोक और राजेश पर भारी और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। रज्जाक ने विनोद के सिर पर हथौड़े से तीन वार किए। अन्य दोनों भाइयों को भी जमकर पीटा। घायल अवस्था में तीनों भाइयों को हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई।
सूचना पर बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और कुछ संत गांव में पहुंच गए। गांव में पहले से ही हिंदू समाज के लोगों की भीड़ जमा थी। आक्रोशित लोगों ने भी हाथों में लाठी डंडे उठा लिए। सूचना पर सहसपुर, विकासनगर, सेलाकुई और कालसी का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। कार्यकर्ता उग्र होकर मस्जिद की ओर बढ़ गए। कार्यकर्ताओं ने मस्जिद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान मस्जिद के आसपास से कार्यकर्ताओं पर कांच की बोतल और पत्थर फेंके गए।









