Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के कुनिहार क्षेत्र में बनोह-सरली मोड़ मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां एक चलती कार पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर आ गिरे। इस हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन महिलाओं, एक बच्चे तथा चालक सहित कुल 5 लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
शीशा तोड़कर अंदर घुसे पत्थर, मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूमति के तनसेटा गांव से एक कार सरली मोड़ से बनोह खरड़हट्टी होते हुए कुनिहार की ओर आ रही थी। रास्ते में जैसे ही कार क्रशर से कुछ आगे चढ़ाई पर पहुंची, तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बड़े पत्थर कार पर गिरने लगे। कुछ पत्थर कार का अगला शीशा तोड़कर सीधे अंदर जा घुसे। अचानक हुए इस हादसे से कार सवार बुरी तरह घबरा गए और उनमें चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने किया रैस्क्यू, अस्पताल पहुंचाए गए घायल
पहाड़ी से मलबा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार में फंसे चालक मेहर चंद, तीनों महिलाओं और बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
स्थानीय ग्रामीण अशोक चंदेल ने बताया कि इस हादसे की सूचना कुनिहार पुलिस थाना और लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है।
लोग बोले- सुरक्षा उपाय हों या अस्थायी रूप से बंद हो मार्ग
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस संवेदनशील मार्ग पर जल्द से जल्द प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि मार्ग पर तत्काल सुधार कार्य संभव नहीं है, तो बरसात के मौसम में लोगों की जान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े व जानलेवा हादसे को टाला जा सके।










