हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘‘हिम बस कार्ड’’ योजना से विभिन्न वर्गों को मिल रहा लाभ

हिमाचल प्रदेश सरकार की ‘‘हिम बस कार्ड’’ योजना से विभिन्न वर्गों को मिल रहा लाभ

जिला सिरमौर में सुलभ एवं किफायती सार्वजनिक परिवहन की दिशा में प्रभावी पहल

नाहन 10 जुलाई। हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। इसी कड़ी में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) द्वारा संचालित ‘‘हिम बस कार्ड’’ योजना विभिन्न वर्गों के पात्र नागरिकों को निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर बस यात्रा की सुविधा प्रदान कर रही है।

29 श्रेणियों के पात्र लाभार्थियों को मिल रही सुविधा

जिला सिरमौर में हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा 29 विभिन्न श्रेणियों के पात्र व्यक्तियों को इस योजना के माध्यम से यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। हिम बस कार्ड योजना के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों, महाविद्यालयों एवं राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों, राज्य एवं केंद्र सरकार के कर्मचारियों, निगम एवं बोर्ड कर्मचारियों, व्यावसायिक कर्मचारियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनकी पत्नियों, मान्यता प्राप्त प्रेस संवाददाताओं, शौर्य पुरस्कार विजेता सैनिकों, युद्ध विधवाओं, दिव्यांगजनों, कैंसर, मल्टी फ्रैक्चर, डायलिसिस, किडनी एवं थैलेसीमिया रोगियों, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों सहित अन्य पात्र श्रेणियों को निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

विद्यार्थियों को विशेष रियायत

विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के भीतर एचआरटीसी की साधारण बसों में यात्रा किराये पर 50 प्रतिशत की रियायत भी प्रदान की जाती है। इस सुविधा का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी यात्रा को अधिक सुगम एवं किफायती बनाना है।

हिम बस कार्ड योजना के तहत पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों, मान्यता प्राप्त प्रेस संवाददाताओं, शौर्य पुरस्कार विजेता सैनिकों, युद्ध विधवाओं, दिव्यांगजनों, कैंसर, मल्टी फ्रैक्चर, डायलिसिस, किडनी एवं थैलेसीमिया रोगियों सहित पात्र श्रेणियों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की जाती है, जबकि अन्य पात्र श्रेणियों को निर्धारित नियमों के अनुसार रियायती दरों पर यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नाहन से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु अजय ठाकुर, दिनेश और हिमांशु पुंडिर ने बताया कि हिम बस पास के बनने से उन्हें घर से प्रशिक्षण संस्थान नाहन आने जाने के लिए बहुत कम किराया खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें केवल10 एकल किराए पर पूरे माह की यात्रा सुविधा उपलब्ध हो रही है।

देवका गांव की निवासी रिया चैहान ने सरकार का धन्यवाद करते हुए बताया कि वह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नाहन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। घर से प्रशिक्षण संस्थान पहुंचने के लिए पहले उन्हें प्रतिमाह 1380 रुपये बस किराया देना पड़ता था जबकि हिम बस पास के बनने के बाद अब वह केवल 230 रुपये प्रतिमाह में अपनी यात्रा कर रही है। उन्होंने बताया कि इस रियात दर पर यात्रा उपलब्ध होने से उनके परिवार पर पढ़ाई के खर्च का बोझ बहुत कम पड़ रहा है।

ड्राप्समैन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही कौलावाला भूड़ निवासी शिवानी व वंशिका का कहना है कि जहां वह पहले बस किराए पर प्रतिमाह लगभग 4500 खर्च कर रही थी अब इस बस पास के बनने से केवल 670 रुपये में वह घर से संस्थान आ-जा रही है, इसी प्रकार पांवटा साहिब के गिरीनगर निवासी अंजली, जामली निवासी मीनाक्षी, समीक्षा ने मुख्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि रियायती बस पास बनने से उनका यात्रा खर्च बहुत कम हो गया है जिससे उनके परिवारजन को पढ़ाई पर कम खर्च करना पड़ रहा है।

जिला सिरमौर के दूर-दराज क्षेत्रों में घर-द्वार पर बन रहे हिम बस कार्ड

जिला सिरमौर में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए हिम बस कार्ड बनाने हेतु एक विशेष टीम तैनात की गई है। यह टीम दूर-दराज एवं दुर्गम क्षेत्रों में जाकर घर-द्वार पर ही हिम बस कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध करवा रही है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

हिम बस कार्ड एक वर्ष की अवधि के लिए जारी किया जाता है, जिसके लिए 236 रुपये का न्यूनतम शुल्क निर्धारित है। वर्ष 2026 में अब तक जिला सिरमौर में 11,855 हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जो योजना के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और विश्वास को दर्शाता है।

नाहन एवं पांवटा साहिब इकाइयों ने जारी किए हजारों बस पास

हिमाचल पथ परिवहन निगम की नाहन इकाई द्वारा अब तक 10,119 तथा पांवटा साहिब इकाई द्वारा 1,736 हिम बस पास जारी किए जा चुके हैं।

नाहन इकाई के अंतर्गत विभिन्न वर्गों के लाभार्थियों को भी बड़ी संख्या में इस योजना का लाभ मिल रहा है। अब तक 30 दृष्टिबाधित (नेत्रहीन) व्यक्तियों, 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले 883 दिव्यांगजनों तथा 70 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले 293 दिव्यांगजनों को हिम बस पास जारी किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 5,332 महिलाओं, सरकारी विद्यालयों के 1,909 विद्यार्थियों तथा सरकारी महाविद्यालयों के 991 विद्यार्थियों को भी हिम बस पास उपलब्ध करवाए गए हैं। इससे महिलाओं, विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों के लिए सार्वजनिक परिवहन अधिक सुलभ, सुरक्षित और किफायती बना है।

अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक व्यक्ति हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी), जिला सिरमौर के डिप्टी डिवीजनल मैनेजर (डीडीएम) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 94180-00551 पर संपर्क किया जा सकता है।

जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर पात्र नागरिकों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में घर-द्वार पर उपलब्ध करवाई जा रही यह सुविधा लोगों के समय और धन दोनों की बचत कर रही है तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने में सहायक सिद्ध हो रही है।

हिमाचल प्रदेश सरकार की यह जनहितैषी पहल जिला सिरमौर में विभिन्न वर्गों को सुलभ, सुरक्षित एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है।

 

जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, सिरमौर स्थित नाहन

01702-225024

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!