यमुना वन विहार में मॉर्निंग जॉगर्स क्लब द्वारा पौधारोपण अभियान आयोजित
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के उद्देश्य से आज प्रातः मॉर्निंग जॉगर्स क्लब, पांवटा साहिब द्वारा यमुना वन विहार पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएफओ श्री वेद कुमार शर्मा रहे। इस अवसर पर सहायक वन संरक्षक (ACF) श्री आदित्य शर्मा ने भी विशेष रूप से कार्यक्रम में सहभागिता की। दोनों अधिकारियों ने क्लब के सदस्यों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मधुकर डोगरी, विपुल जैन, नरेंद्र पाल सिंह नारंग, मुकेश आर्य, प्रदीप गर्ग, संदीप लांबा, गुरप्रीत सिंह, मनोज गोयल, हरीश गोयल, अनिल शर्मा, विकास जैन, राकेश अग्रवाल तथा मनीष गुप्ता उपस्थित रहे।
ज्ञात रहे कि पिछले पाँच वर्षों से मॉर्निंग जॉगर्स क्लब, पांवटा साहिब वन विभाग के सहयोग से यमुना वन विहार पार्क के रखरखाव, स्वच्छता, हरियाली बढ़ाने तथा समय-समय पर पौधारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित संचालन कर रहा है। क्लब के सदस्यों के निरंतर प्रयासों से पार्क की सुंदरता और हरियाली में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित सभी लोगों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर डीएफओ श्री वेद कुमार शर्मा ने मॉर्निंग जॉगर्स क्लब के पिछले पाँच वर्षों से किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं पार्क के रखरखाव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से ही प्रकृति का संरक्षण संभव है। क्लब के सदस्यों ने भविष्य में भी वन विभाग के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।











