Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान अब एक नए और आक्रामक चरण में प्रवेश कर चुका है। पुलिस अब केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के काले कारोबार से खड़े किए गए उनके आर्थिक साम्राज्य को भी तबाह कर रही है। इसी कड़ी में सोलन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की करीब 2.40 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
होटल, मकान और जमीन पर पुलिस का शिकंजा
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक तिरुमला राजू एसडी वार्मा ने बताया कि वित्तीय जांच के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। तस्करों की जिन संपत्तियों को फ्रीज किया गया है, उनमें 2 वाहन, एक मकान, एक होटल, जमीन और पोस्ट ऑफिस में जमा धनराशि शामिल है। एसपी ने स्पष्ट किया कि धर्मपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 और 2026 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज दो मामलों की पुलिस ने विस्तृत वित्तीय जांच की थी। इसमें आरोपियों की आय के स्रोतों और संपत्तियों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में यह साबित हुआ कि आरोपियों ने यह करोड़ों रुपए की संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की थी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत 2.40 करोड़ की संपत्ति फ्रीज की गई।
इस साल अब तक 3.50 करोड़ की संपत्ति हो चुकी है सील
एसपी वार्मा ने बताया कि सोलन पुलिस द्वारा नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए लगातार ऐसी कार्रवाइयां की जा रही हैं। इससे पहले दाड़लाघाट थाना क्षेत्र के एक मामले में करीब 47 लाख रुपए और परवाणू थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में लगभग 65 लाख रुपए की अवैध संपत्ति को फ्रीज किया जा चुका है। इस तरह, वर्ष 2026 में अब तक जिला सोलन पुलिस तस्करों की कुल 3.50 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति को कुर्क कर चुकी है।
अब तक 99 केस और 205 गिरफ्तारियां, 1.3 किलो चिट्टा बरामद
नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती के आंकड़े सांझा करते हुए एसपी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 99 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 205 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिमाचल प्रदेश के सर्वाधिक 157 लोग शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब के 15, हरियाणा के 19, चंडीगढ़ के 7, बिहार के 2, नेपाल के 4 और एक विदेशी नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है। इन विभिन्न अभियानों के दौरान पुलिस ने करीब 1.3 किलोग्राम चिट्टा (हैरोइन) भी बरामद किया है।
समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें जनता
एसपी तिरुमला राजू एसडी वार्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे समाज को नशामुक्त बनाने के इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास नशे की खरीद-फरोख्त या ऐसी किसी गतिविधि की भनक लगती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।












