ADVERTISEMENT

हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 10-11 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, जानें किस-किस जिले में आसमान से बरसेगी आफत?

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपना रंग बदलने वाला है. पिछले कुछ दिनों से कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर देखने के बाद, अब मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. 8 से 14 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है, लेकिन असली खतरा 10 और 11 अगस्त को है. इन दो दिनों के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. खास बात यह है कि बारिश का असर केवल एक-दो जिलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम करवट लेगा.

नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल मानसून से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. प्रदेश में 8 से 14 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. इस दौरान 8 और 9 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 और 11 अगस्त सबसे अहम दिन रहने वाले हैं. इन दोनों दिनों में निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके बाद, 12 से 14 अगस्त तक भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के निवासियों और पहाड़ी सड़कों पर सफर करने वाले चालकों व पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

इन जिलों में रहेगा ज्यादा असर

जिला स्तर के पूर्वानुमान में 8 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, शिमला और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 9 अगस्त को ऊना और हमीरपुर में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि कांगड़ा में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 10 अगस्त को बारिश का दायरा और बढ़ेगा. ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. कांगड़ा में इस दिन भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है. इसके बाद 11 अगस्त को प्रदेश के कई जिले बारिश की चपेट में रहेंगे. ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना है. कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान दिया गया है. 12 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

प्रदेश में लगातार बारिश के कारण पहले से संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें अवरुद्ध होने, अचानक बाढ़ और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है. खासकर 10 और 11 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन और लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी. फिलहाल मौसम विभाग का संदेश साफ है कि हिमाचल में अगले सात दिन लोगों को बारिश से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना नहीं है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखते हुए सतर्कता बरतनी होगी. खासकर 10 और 11 अगस्त के अलर्ट को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है. इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही लोगों की मुश्किलें बढ़ा

सकती है.

 

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!