Khabron wala
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 सब्जी मंडी में हिमाचल के आढ़ती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दरअसल, शुक्रवार रात गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पार्किंग को लेकर दो सब्जी आढ़तियों के बीच उपजे झगड़े में एक आढ़ती की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने बेटों के साथ मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ऊना निवासी 43 वर्षीय देशराज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, देशराज और उत्तर प्रदेश निवासी विनोद, दोनों पिकअप गाड़ियों में सब्जियां लाकर सेक्टर-26 मंडी में बेचने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को देशराज मंडी में अपनी गाड़ी खड़ी कर सब्जी बेच रहे थे। इसी बीच विनोद वहां पहुंचा और उसने देशराज को अपनी गाड़ी वहां से हटाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। परिजनों ने बताया कि झगड़े के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि विनोद और उसके बेटों ने चाकू निकालकर देशराज पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी और मोबाइल फोरेंसिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। टीम ने मौके से खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद पूछताछ में वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।










