Khabron wala
भारतीय डाक विभाग ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में मंडी से रेहड़धार तक ड्रोन से राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाया, जो देशभक्ति, जनसेवा और तकनीकी नवाचार के एक अनूठे संगम को दर्शाता है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वीडियो-कॉन्फ्रेंस के जरिये इस पहल से जुड़े।
मंडी प्रधान डाकघर से ड्रोन की लाइव उड़ान को देखते हुए मंत्री ने डाक अधिकारियों और ड्रोन परिचालक के साथ बातचीत की। ड्रोन बाद में रेहड़धार शाखा डाकघर में उतरा, जहां डाक दल ने तिरंगा ले जाने वाले पार्सल को प्राप्त किया और औपचारिक रूप से इसे सेना के एक पूर्व सैनिक को सौंपा, जिससे इस अवसर का महत्व और बढ़ गया। सिंधिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के आसमान से ‘तिरंगे’ की यात्रा एक नए भारत की भावना का प्रतिनिधित्व करती है, जो भौगोलिक बाधाओं को पार करने और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
भारतीय डाक देश भर के नागरिकों को वितरण के लिए राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में योगदान दे रहा है, जिससे लोग अपने घरों से ही राष्ट्रीय गौरव के उत्सव में भाग ले सकें। मंडी से रेहड़धार तक ड्रोन डिलीवरी दर्शाती है कि कैसे उभरती हुई तकनीक भारतीय डाक के व्यापक भौतिक नेटवर्क का पूरक बन सकती है और विशेष रूप से दूरदराज और कठिन इलाकों में अंतिम छोर तक संपर्क को मजबूत कर सकती है। विभाग ने हिमाचल प्रदेश और असम में 150 मार्गों पर ड्रोन आधारित डाक सेवा शुरू करने की योजना बनाई है।









