पांवटा साहिब पुलिस की त्वरित कार्रवाई , 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मात्र 24 घंटे में दबोचा, पांवटा पुलिस की तत्परता की हो रही सराहना
पांवटा साहिब थाना प्रभारी (SHO) के नेतृत्व में सुरक्षा शाखा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को महज एक दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की इस तेज कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली और तत्परता की सराहना हो रही है। गंभीर मामले में त्वरित जांच एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांवटा पुलिस की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के चलते बच्ची की मां विकासनगर गई हुई थी और करीब 7 बजे वापस घर लौटी। घर पहुंचने पर उसे बच्ची और उसका भाई घर पर नहीं मिले। पति से पूछने पर पता चला कि दोनों पांवटा साहिब गुरुद्वारा में खाना खाने गए हैं। रात करीब 10 बजे बच्ची का भाई घर लौटा। पूछने पर उसने बताया कि उसकी बहन उसके साथ थी, लेकिन गुरुद्वारा ग्राऊंड के पास से वह अचानक अलग हो गई।शिकायत के अनुसार, बच्ची की तलाश के दौरान 3 युवकों को यमुना विहार वार्ड नंबर 5 स्थित खेड़ा मंदिर के समीप को एक बच्ची के मदद के लिए चिल्लाने की जानकारी मिली। वे मौके पर पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति बच्ची के पास मौजूद था। युवकों को देखकर वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया। उसकी बाइक मौके पर रह गई, जिसे युवकों ने बच्ची के साथ पुलिस थाना पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ में बताया कि वह पांवटा साहिब के मुख्य गुरुद्वारा के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे अपनी पत्नी से मिलाने की बात कहकर बाइक पर बिठाकर ले गया। आरोप है कि युवक उसे अस्पताल के समीप वाली सड़क से खोड़ा मंदिर के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कानून व्यवस्था और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के प्रति ऐसी तत्परता भरोसा बढ़ाती है।
नोट: नाबालिग पीड़िता की पहचान से संबंधित कोई विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।










