ADVERTISEMENT

घर में बेटे के साथ मिलकर मां बेच रही थी चिट्टा…भनक लगते ही पुलिस ने मार दी रेड, रंगे हाथों धरे 3 आरोपी

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अम्ब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के नजदीक नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नंबर-8 में एक घर पर दबिश देकर 17.68 ग्राम चिट्टे के साथ मां-बेटे सहित तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार,पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर-8 स्थित एक घर में नशे का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर बीते मंगलवार की शाम थाना प्रभारी अम्ब विपिन कुमार की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और उक्त घर में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान घर की गहनता से तलाशी ली गई, जिसमें पुलिस टीम को 17.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही नशे के इस अवैध धंधे में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निशांत (32) और उसकी माता रंजना देवी (58) दोनों निवासी वार्ड नंबर-8, नगर पंचायत अम्ब तथा विशाल (30) निवासी वार्ड नंबर-3, अम्ब के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनके रिमांड की मांग करेगी। डीएसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। मुख्य फोकस इस बात पर रहेगा कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और आगे इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस ड्रग नैटवर्क में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरे नैटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *