Khabron wala
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने करवा चौथ के अवसर पर पूरे प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित किया था, लेकिन इसी दिन शिलाई विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क भर्ती प्रक्रिया आयोजित किए जाने के मामले में भाजपा युवा मोर्चा ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला सिरमौर अध्यक्ष अरुण चौहान ने आरोप लगाया कि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के इशारे पर भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद किया गया और कई योग्य युवाओं को अवसर से वंचित रखा गया।
नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अरुण चौहान ने कहा कि शिलाई जल शक्ति विभाग में विभिन्न पदों की भर्ती के लिए करीब 800 युवाओं ने आवेदन किया था, लेकिन इनमें से केवल 120 युवाओं को ही भर्ती प्रक्रिया के लिए बुलाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश अभ्यर्थियों को कॉल लेटर नहीं भेजे गए, जबकि कुछ चहेते युवाओं को मोबाइल फोन पर कॉल करके बुलाया गया। उन्होंने सवाल किया कि जब भर्ती के लिए कोई विशेष पात्रता और मानदंड निर्धारित किए गए थे, तो उनकी जानकारी आवेदन फॉर्म में पहले क्यों नहीं दी गई और नियम व शर्तें अभ्यर्थियों को समय रहते क्यों नहीं बताई गईं।
अरुण चौहान ने भर्ती प्रक्रिया की जांच की मांग करते हुए दावा किया कि चयनित युवाओं में से 30 से 40 अभ्यर्थी एक ही शिक्षण संस्थान से हैं और उनके अंक 90 से 92 प्रतिशत के बीच हैं। उन्होंने कहा कि इस पहलू की भी जांच होनी चाहिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सामने आ सके।
उन्होंने सवाल किया कि छुट्टी के दिन कैसे भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई, जब पूरे प्रदेश में करवा चौथ पर अवकाश घोषित किया गया था।
अवैध खनन को लेकर भी लगाए आरोप
भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में मंत्री के इशारे पर बड़े स्तर पर अवैध खनन हो रहा है, लेकिन जिला खनन विभाग की ओर से इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मंत्री से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पांच साल पहले उठाई फाइलों पर कार्रवाई का मांगा जवाब
अरुण चौहान ने पांच साल पहले का मामला याद दिलाते हुए कहा कि तत्कालीन समय में उन्होंने शिलाई बीडीओ कार्यालय पहुंचकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और कुछ फाइलें उठाई थीं।
उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल में उन फाइलों पर क्या कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मंत्री को जनता और मीडिया के सामने बताना चाहिए कि जिन अनियमितताओं को लेकर उन्होंने उस समय सवाल उठाए थे, उन पर अब तक क्या कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने यह भी पूछा कि पिछले चार वर्षों में उद्योग मंत्री शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए कौन सी बड़ी नई योजना लेकर आए हैं। सिरमौर जिले के अधिकतर सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों के सैकड़ों पद रिक्त पड़े हैं।
कांग्रेस सरकार नए कार्यालय खोलना तो दूर, पुराने कार्यालयों में भी पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। उन्होंने ये भी पूछा कि कांग्रेस सरकार के पांच साल में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने के वायदे का क्या हुआ।
उन्होंने दावा किया कि एक साल बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और युवाओं को रोजगार देने के साथ सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। पत्रकार वार्ता में जिला प्रवक्ता अरविंद शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष विपिन सिंह और युवा मोर्चा सदस्य बंटी ठाकुर भी मौजूद रहे।












