सरकारी दफ्तरों और पुलिस स्टेशन से महज कुछ कदम की दूरी पर दो राज्यों को जोड़ने वाले पुल के नीचे हो रहा अवैध खनन पुलिस , माइनिंग और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल। आखिर दफ्तरों से बाहर निकलकर कार्रवाई क्यों नहीं करते अधिकारी?
पांवटा साहिब में अवैध खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र में रात ही नहीं, बल्कि दिन के उजाले में भी खुलेआम खनन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि दो राज्यों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल के महज कुछ कदम नीचे तक खुदाई की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर लगातार सवाल उठ रहे हैं कि आखिर माइनिंग विभाग और वन विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? रात के अंधेरे से ज्यादा दिन के उजाले में खनन होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अपने दफ्तरों से बाहर निकलकर मौके पर निरीक्षण करते नजर क्यों नहीं आते?
इस मामले में अधिकारियों की कथित मिलीभगत और सेटिंग को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों के मन में यह संदेह पैदा हो रहा है कि कहीं भ्रष्टाचार में लिप्त कुछ अधिकारियों की कथित सांठगांठ के चलते ही खनन माफिया को खुली छूट तो नहीं मिली हुई है?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पुल के इतने नजदीक मशीनों से खुदाई हो रही है तो संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है? क्या अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
आखिर कब टूटेगी विभागों की चुप्पी? कब होगी खनन माफिया और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई?
प्रशासन से मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच हो और पुल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल खनन पर रोक लगाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। यदि किसी अधिकारी की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।









