*सिरमौर में भाजपा ने कसी कमर, शिलाई की कमान पवन चौधरी के हाथ*
*पांवटा साहिब / शिलाई।* भारतीय जनता पार्टी ने सिरमौर जिले में संगठन को नई धार देने के लिए पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। जिला भाजपा द्वारा जारी सूची के बाद से ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
जारी सूची के अनुसार पच्छाद से रणवीर सिंह, नाहन से सुरेंद्र हिन्दुस्तानी, श्री रेणुका जी से साकेश शर्मा, पांवटा साहिब से रामेश्वर शर्मा तथा शिलाई से पवन चौधरी को प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
*शिलाई में क्यों चर्चा में हैं पवन चौधरी?*
पवन चौधरी कोई मंचों के नेता नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं। पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत करना ही उनकी पहचान है।
इसका सबसे बड़ा प्रमाण बीते चुनाव में देखने को मिला, जब नगर परिषद वार्ड नंबर 5 में, जहां हमेशा कांग्रेस का कब्जा माना जाता था, वहां पवन चौधरी ने अपनी रणनीति और मेहनत के दम पर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाई।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शिलाई विधानसभा के लिए पवन चौधरी संजीवनी साबित हो सकते हैं। संगठन में उनकी पकड़ मजबूत है और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी सीधी पहुंच है।
*क्या होगा प्रभारियों का काम?*
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करेंगे। वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए इन नियुक्तियों को काफी अहम माना जा रहा है। इससे जिला संगठन में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है।
*कार्यकर्ताओं में उत्साह*
नियुक्तियों की घोषणा के बाद से ही विभिन्न स्थानों पर नवनियुक्त प्रभारियों को बधाई देने का सिलसिला जारी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सभी प्रभारी अनुभवी व संगठन के प्रति समर्पित हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी जिले में और अधिक मजबूत होगी।








