NH 07 पर आलू की बोरियों से भरा एक ट्रक  अनियंत्रित होकर  पलट गया….

NH 07 पर आलू की बोरियों से भरा एक ट्रक  अनियंत्रित होकर  पलट गया….

 

नाहन : पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे 07 पर शुक्रवार सुबह खजुरना के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब आलू की बोरियों से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बोलेरो वाहन पर पलट गया।

हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। हादसे में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार चालक, एक महिला और बच्चा बाल-बाल बच गए। वहीं ट्रक चालक सिकंदर और परिचालक मोहम्मद याकूब गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो गाड़ी मालोवाला की ओर से नाहन की तरफ आ रही थी, जबकि ट्रक पांवटा की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक खजुरना पुल के पास पहुंचा, तो अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए।

सामने चौराहे पर एक बोलेरो वाहन खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने अंतिम क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने और बोलेरो को सीधी टक्कर से बचाने की पूरी कोशिश की। चालक ने ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन भारी वजन और तेज रफ्तार के चलते आलू से लदा ट्रक बोलेरो पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बोलेरो वाहन को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन उसमें सवार लोग सुरक्षित बच निकले। दूसरी ओर ट्रक में सवार चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस दौरान स्थानीय युवक कादिर ने इंसानियत की मिसाल पेश की। मारकंडे पुल के पास रहने वाले कादिर को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, वह तुरंत अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा। उसने बिना देरी किए घायल ट्रक चालक और परिचालक को मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया और साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को भी सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रक चालक आखिरी क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश न करता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद कुछ समय तक एनएच-07 पर यातायात भी प्रभावित रहा। उधर पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!