Khabron wala
प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जबकि जनजातीय क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी से राहत मिली है। बुधवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की गई है। ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुंदरनगर में 34.3, कांगड़ा में 34, हमीरपुर (बरठीं) में 33.8, मंडी में 33.6, धर्मशाला में 32, सोलन में 31 व शिमला में 25.5 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया।
प्रदेश के अधिकतर स्टेशनों पर मौसम शुष्क रहा, लेकिन जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा में 1.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 1.1 डिग्री की वृद्धि हुई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में कुकुमसेरी में 12.6, जाटों बैराज में 4.8, सेओबाग में 4.8, ददाहू में 3.6, गोंदला में 3.4, सलूणी में 3.2, भावानगर में 2.2, धौलाकुआं में 1.5, जोगिंद्रनगर में 1, संगड़ाह में 1, चम्बा में 1 व कल्पा में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।
16 मई तक आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 18 और 19 मई से मौसम के साफ और शुष्क रहने के आसार हैं। इससे राज्य में गर्मी का असर बढ़ना शुरू हो जाएगा।











