Khabron wala
जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरैंस अभियान के तहत थाना देहा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक बोलेरो कैंपर से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर की खेप बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गाड़ी और शराब को जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना देहा की पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि गिरिपुल की ओर से आ रहे एक वाहन में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और बलग नाला के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में वहां पहुंची एक संदिग्ध बोलेरो कैंपर को चैकिंग के लिए रोका गया। वाहन चला रहे व्यक्ति की पहचान सोहन सिंह निवासी गांव जेहा, तहसील ठियोग के रूप में हुई। जब पुलिस ने बोलेरो कैंपर की तलाशी ली तो उसमें से कुल 30 पेटियां अवैध शराब बरामद हुई। बरामद की गई खेप में 13 पेटियां अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टैग), 6 पेटियां देसी शराब, 8 पेटियां बीयर (किंगफिशर) और 3 पेटियां बीयर (थंडरबोल्ट) की शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पकड़ी गई पूरी खेप पर फॉर सेल इन हिमाचल प्रदेश ऑनली अंकित था। जब पुलिस ने वाहन चालक सोहन सिंह से इतनी बड़ी मात्रा में शराब ले जाने का परमिट या कोई वैध दस्तावेज मांगा, तो वह कोई भी कागजात या लाइसैंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहन सिंह के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39 (1) (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह शराब की खेप कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी










