ADVERTISEMENT

Himachal: सीएम सुक्खू ने साधा निशाना, बोले-महिलाओं के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही भाजपा

Khabron wala

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा महिलाओं के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस महिला आरक्षण विधेयक पर देश और प्रदेश में हो-हल्ला कर रही है, उसे वर्ष 2023 में उसकी तरफ से पास किया जा चुका है। इसे पारित करवाने के लिए सोनिया गांधी सहित कांग्रेस पार्टी ने समर्थन दिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भाजपा राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने और प्राकृतिक आपदा में प्रधानमंत्री की तरफ से घोषित 1500 करोड़ रुपए दिलवाने में मदद नहीं करती है, सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए महिला आरक्षण विधेयक के नाम पर उस समय सियासत कर रही है, जब 5 राज्यों में चुनाव प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में विधेयक लाते समय भाजपा ने कहा था कि इसे अगली जनगणना के आधार पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भाजपा की जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति है।

खरगे पर एफआईआर दर्ज करना विपक्ष की आवाज को दबाने जैसा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर एफआईआर दर्ज करना विपक्ष की आवाज को दबाने जैसा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और ऐसे में उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता किसी से नहीं डरते और सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी निकाय व पंचायत चुनाव में सभी प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा सकते हैं। कांग्रेस पार्टी सबके साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने पार्टी नेताओं के भीतर किसी तरह के मतभेद होने की बात से साफ इंकार किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में कहा कि वे वहां पर ज्यादा नहीं रहे हैं, इसलिए इस बारे टिप्पणी नहीं करना चाहते।

कमला नेहरू अस्पताल से गायनी वार्ड को किया शिफ्ट
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल से सिर्फ गायनी वार्ड को शिफ्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने मदर एंड चाइल्ड अस्पताल को अलग किया है। गायनी वार्ड को इसलिए आईजीएमसी शिफ्ट किया गया है, ताकि महिलाओं को रोबोटिक सर्जरी सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। कमला नेहरू अस्पताल में अभी भी पुरानी अल्ट्रासाऊंड मशीन है, जिसको सरकार शीघ्र बदलेगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की तरफ से इसका विरोध या आंदोलन करना सही नहीं है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!