Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में पिता-बेटी के रिश्ते को तार-तार करने वाली खबर सामने आई है. इस घटना ने सभी को शर्मसार कर दिया है. मामला कांगड़ा जिले के उपमंडल पालमपुर के तहत भवारना पुलिस थाना क्षेत्र का है. जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसका यौन शोषण किया. पिता द्वारा बार-बार शारीरिक शोषण किए जाने के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई. मामला तब सामने आया जब नाबालिग ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया. मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया, ‘आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 29 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है’.
ऐसे हुआ मामला उजागर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला तब उजागर हुआ, जब 23 अप्रैल को पीड़िता स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची. वहां डॉक्टर ने जब उसका चेकअप किया तो पाया कि वह गर्भवती है. जहां नाबालिग ने एक बच्चे को जन्म दिया. डॉक्टर ने मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए इस बारे में पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने अस्पताल से सूचना मिलते ही मामला दर्ज किया और पीड़िता के बयान लिए. पीड़िता ने अपने ही पिता पर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया. बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया.










