कुल्लू : 22 साल की युवती निकली चिट्टा सप्लायर, 17.28 ग्राम हेरोइन बरामद
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भुंतर थाना पुलिस की टीम ने एक 22 वर्षीय युवती को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 04 मई 2025 को पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इस दौरान कहूधार क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिसके आधार पर पुलिस ने युवती की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस थाना भुंतर में आरोपी युवती के खिलाफ NDPS Act की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मामले की जांच जारी है।
चिंता की बात यह है कि नशा तस्कर अब युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें अपने जाल में फंसा रहे हैं, जिससे समाज में यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।








