ADVERTISEMENT

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हिमाचल पुलिस-होमगार्ड के 6 जांबाजों को राष्ट्रीय पदक, देवभूमि का बढ़ा मान

Khabron wala

स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश के वीर जवानों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के पुलिस और होमगार्ड के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का भी ऐलान किया है, जिन्होंने अपनी ईमानदारी, अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवाओं से प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसके तहत हिमाचल पुलिस और होमगार्ड के 6 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय पदकों के लिए चुना गया है। केंद्र सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार डीआईजी गुरदेव चंद शर्मा की उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें प्रतिष्ठित राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक (पीएसएम) से सम्मानित किया गया है।

वहीं आईजी अभिषेक दुल्लर, इंस्पैक्टर अमर सिंह और एएसआई जगबीर सिंह को सराहनीय सेवा पदक (एमएसएम) से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश होमगार्ड्स एवं सिविल डिफैंस में भी प्रदेश का मान बढ़ा है। 7वीं वाहिनी कुल्लू के मानद कंपनी कमांडर प्रेम राज को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। उन्होंने फायर फाइटिंग, आपदा प्रबंधन, सिविल डिफैंस और प्रशिक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में अहम योगदान दिया है। वहीं तीसरी वाहिनी के मानद प्लाटून कमांडर खेम चंद को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। प्रशिक्षण, परेड, अनुशासन और परिचालन तैयारियों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

प्रदेश पुलिस विभाग ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। वहीं महानिदेशक एवं महाआदेशक गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन सेवाएं एवं एसडीआरएफ संतवत अटवाल ने प्रतिष्ठित पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि ये उपलब्धियां संगठन के सभी रैंकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *