देवीनगर में फिर हादसा: घर में जा घुसा ट्रक, हादसा होते-होते बचा
पांवटा साहिब। रोज हादसे हो रहे हैं… कभी कोई अपनी जान गंवा रहा है, तो कभी किसी का घर तबाह होने से बच रहा है। देवीनगर में बीती रात एक बार फिर ट्रक हादसे ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। ट्रक घर में जा घुसा, हालांकि गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
एक दिन पहले ही ट्राले की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई थी। यह कोई पहली घटना नहीं है। तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
करीब एक महीने पहले भी देवीनगर मार्ग पर एक ट्रक घर की बाउंड्री तोड़कर घर में जा घुसा था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरस्पीड, भारी वाहनों की आवाजाही और बदहाल सड़कें अब लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण, उचित यातायात व्यवस्था और सड़क की हालत सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
आखिर और कितनी जानें जाने के बाद प्रशासन जागेगा? लोगों को अब हादसे के बाद कार्रवाई नहीं, बल्कि हादसा होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है।










