Khabron wala
पुलिस थाना कालाअंब के अंतर्गत खैरी पुल के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक एक युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मोटरसाइकिल चालक पुल पर चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक ट्रैक्टर की ट्राली से पीछे से टकरा गई।
पुलिस को दी शिकायत में विवेक गोरसी पुत्र दर्शन गोरसी निवासी गांव कैरवाला, डाकघर त्रिलोकपुर, तहसील नाहन, जिला सिरमौर ने बताया कि वह अपने मोटरसाइकिल पर निजी काम से खैरी की ओर जा रहा था। जब वह खैरी पुल के पास पहुंचा तो उसके आगे चल रहे मोटरसाइकिल चालक ने पुल पर जा रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
शिकायत के अनुसार, मोटरसाइकिल चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए ट्रैक्टर की ट्राली से पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद बाइक चालक सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। ट्रैक्टर चालक ने मौके पर ही ट्रैक्टर रोक दिया।
हादसे में घायल मोटरसाइकिल चालक की पहचान अमित जैन पुत्र सुमेर चंद निवासी गांव लाहड़पुर, तहसील बिलासपुर, जिला यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई। उसकी मोटरसाइकिल का नंबर HR85L-3666 बताया गया है। घायल अमित जैन को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नारायणगढ़ ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।










