ADVERTISEMENT

हिमाचल में लौटा मानसून, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, लाहौल-स्पीति में 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत

Khabron wala

हिमाचल में पिछले कुछ दिनों से धीमा पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीती रात से गुरुवार सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। रोहतांग दर्रे और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों के साथ चम्बा के मणिमहेश क्षेत्र में भी हिमपात हुआ है। शिमला सहित आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बाद तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। खराब मौसम के बीच लाहौल घाटी के गरशा क्षेत्र में पवित्र ड्रिलबुरी पर्वत की 16वीं महापरिक्रमा के दौरान भारी बर्फबारी, कड़ाके की ठंड और फिसलन के कारण 2 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इनमें से एक महिला केलांग और दूसरी दार्जिलिंग की रहने वाली बताई जा रही है। कई अन्य श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है, जिन्हें केलांग अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया है।

पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के बचाव कार्य में जुटी हैं। बारिश और बर्फबारी के कारण बुनियादी सुविधाओं पर खासा असर पड़ा है। राज्य भर में कुल 60 सड़कें अवरुद्ध हैं। सबसे ज्यादा मंडी जिले में 33 सड़कें बंद हैं। कांगड़ा में 10, लाहौल-स्पीति में 9, सिरमौर व सोलन में 3-3 और कुल्लू में 2 सड़कें बंद हैं। कुल 31 ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हैं। इनमें से 30 ट्रांसफार्मर अकेले सिरमौर जिले के राजगढ़ सब-डिवीजन में और 1 शिमला के रामपुर में बाधित है। प्रदेश को अब तक लगभग 3212 करोड़ रुपए का भारी आर्थिक नुक्सान हो चुका है। मानसून जनित आपदाओं के कारण कुल 128 लोगों की जान गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार 18 सितम्बर को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 18 से 24 सितम्बर के सप्ताह के बाकी दिनों में केवल कुछ-कुछ जगहों पर ही हल्की बारिश होने की संभावना है। पहले सप्ताह में ऊना, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और चम्बा जिलों के कई हिस्सों में बारिश सामान्य रहने की उम्मीद है, जबकि राज्य के अन्य कई हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहेगी। 25 सितम्बर से 1 अक्तूबर के दूसरे सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मुख्यतः मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *