ADVERTISEMENT

नाहन: युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, ब्लू स्टार में 200 पदों पर होगी भर्ती

Khabron wala

जिला सिरमौर के बेरोजगार युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। कालाअंब स्थित प्रसिद्ध उद्योग M/S Blue Star द्वारा विभिन्न श्रेणियों के 200 पदों को भरने के लिए एक विशाल कैम्पस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती के जरिए युवाओं को अप्रेंटिसशिप, पीएमआईएस और टेम्परेरी ऑपरेटर के रूप में रोजगार पाने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।

जिला रोजगार अधिकारी देविंदर कुमार ने बताया कि कुल 200 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आईटीआई (ITI) पास निर्धारित की गई है। इसमें फिटर, आरएसी, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, मोटर मैकेनिक, पंप ऑपरेटर और वेल्डर ट्रेड से आईटीआई करने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इन सभी ट्रेड के युवाओं को कंपनी में काम सीखने के साथ-साथ रोजगार का अवसर भी मिलेगा। खासकर उन युवाओं के लिए यह एक बेहतरीन मौका है, जिन्होंने हाल ही में आईटीआई की पढ़ाई पूरी की है और किसी अच्छी कंपनी में काम करने का सपना देख रहे हैं।

कैंपस इंटरव्यू का आयोजन 12 नवंबर से लेकर 25 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इंटरव्यू का स्थान मैसर्ज ब्लू स्टार लिमिटेड यूनिट-1, गांव रामपुर जट्टां, नाहन रोड, काला-अंब, तहसील नाहन, जिला सिरमौर रखा गया है। इंटरव्यू रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी इस अवधि में किसी भी दिन निर्धारित समय पर इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर पहुंचें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अप्रेंटिस व पीएमआईएस पद के लिए चयनित युवाओं को 16,000 रुपये सीटीसी प्रति माह के हिसाब से मानदेय मिलेगा, जबकि टेम्परेरी ऑपरेटर पद के लिए चयनित युवाओं को 20,800 रुपये सीटीसी प्रति माह दिया जाएगा। भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है।

इंटरव्यू में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ अपने सभी मूल प्रमाण पत्र लाने होंगे। इनमें आईटीआई व अन्य सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी प्रमाण पत्र या हिमाचली प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और 2 पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। बिना मूल प्रमाण पत्रों के अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी अपने सभी दस्तावेज पहले से ही तैयार रख लें। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9650074838, 7876711707 और 8219443075 इन मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को कोई भी यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में इंटरव्यू में भाग लें।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *