जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की इटरनल
यूनिवर्सिटी बडू साहिब में छात्राओं के कैंपस टॉयलेट में सफाई कर्मचारी द्वारा वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। पच्छाद पुलिस ने झारखंड के आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी खेतन साहू पुत्र लाल साहू निवासी माल्गो लापुग, पुलिस थाना लापुग जिला रांची झारखंड पिछले कुछ महीनों से यूनिवर्सिटी परिसर में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। यूनिवर्सिटी कैंपस के शौचालय में सफाई कर्मी द्वारा बनाए गए वीडियो से विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा और निजता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ माह पहले भी विश्वविद्यालय की मेस में छात्राओं को कीड़े वाले भोजन परोसने के मामले ने काफी तूल पकड़ा था। वही कैंपस के शौचालय से छात्राओं के वीडियो बनाने की भनक लगते ही यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया और छात्राओं ने मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो किस परिस्थिति में बनाए गए और उनका दुरुपयोग हुआ या नहीं, लेकिन छात्राओं के बीच भारी चिंता का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि सफाई कर्मी द्वारा पकड़े जाने पर मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिए गए थे, मगर आशंका जताई जा रही है कि डिलीट करने से पहले वीडियो कहीं और फॉरवर्ड किए जा चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले की सूचना मिलते ही शुरुआती स्तर पर प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में बैठक बुलाई गई। फिर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पच्छाद पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। अन्य मजदूरों के मोबाइल फ़ोन जब्त करने की भी सूचना है। झारखंड का रहने वाला आरोपी खेतन साहू मौके से फरार होने की फ़िराक में था, लेकिन छात्राओं ने उसे दबोच लिया और धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है।
उत्तर भारत की एकमात्र गर्ल्स यूनिवर्सिटी होने का दावा करने वाले संस्थान में बाहरी मजदूरों की जगह कैंपस टॉयलेट में महिला सफाई कर्मचारी क्यों तैनात नहीं की गई थी। उधर जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है, मोबाइल को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। मामले में आगामी जांच जारी है।









