ADVERTISEMENT

मनरेगा, उद्योग तथा अन्य कार्यों की अनुमति से आजीविका को सम्बल

कोरोना वायरस के खतरे के दृष्टिगत केंद्र एवं प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन सोलन ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कार्यों को अनुमति प्रदान कर आरंभ किया है जो न केवल आर्थिक मजबूती के लिए आवश्यक हैं अपितु ग्रामीण क्षेत्रों में लोगांे की आजीविका का सम्बल भी हैं। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त सोलन विवेक चंदेल एवं जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने प्रदान की।

उन्होंने कहा कि चाहे जिला के धर्मपुर विकास खंड में गुशाण के रहने वाले ओम प्रकाश के डंगे का कार्य हो, ग्राम पंचायत भावगुड़ी के ताल गांव के रामचंद की गौशाला का काम हो, ग्राम पंचायत रौड़ी के दिहाड़ी के कल्याण चंद का भूमि विकास कार्य हो, ग्राम पंचायत बुघार कनैता के रामपुर के रोशन लाल तथा ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी में घरयाणा गांव में भूमि विकास का कार्य हो, सभी सरकार द्वारा इन कामों की अनुमति दिए जाने से प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि विकास खंड नालागढ़ में ग्राम पंचायत क्यारकनैता में बिमला देवी द्वारा अनुमति मिलते ही भूमि विकास कार्य आरंभ कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त अनेक अन्य कार्य भी आरम्भ किए गए हैं।

विवेक चंदेल ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार इस संबंध में जिला के सभी खंड विकास अधिकारियों को उचित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 20 अप्रैल, 2020 को कुछ कार्य आरंभ करने की अनुमति प्रदान की थी। इसके अनुसार 21 अप्रैल से सोलन जिला में कार्य आरंभ कर दिए गए हैं। जिला में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत भूमि विकास, व्यक्तिगत डंगों इत्यादि, जल संरक्षण कार्यों की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण तथा जल शक्ति विभाग को भी ऐसे कार्य करने की अनुमति दी गई है जो विकास एवं आमजन के हित में हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आरंभ किए गए कार्यों के लिए जिला दंडाधिकारी सोलन ने निर्देश दिए हैं कि मनरेगा के तहत सभी व्यक्ति अपने-अपने वार्ड में ही कार्य करें। खंड विकास अधिकारी यह सुनिश्चित बना रहे हैं कि कार्य करने वाले सभी व्यक्ति कोरोना वायरस के खतरे के दृष्टिगत जारी निर्देशों से परिचत हों एवं इनकी अनुपालना सुनिश्चित बनाएं। सभी कामगारों को सोशल डिस्टेन्सिग का महत्व समझाया गया है। उन्हें बताया गया है कि कार्य करते समय एक मीटर की दूरी बनाकर रखने से संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है।विवेक चंदेल ने कहा कि अनुमति प्रदान करने के उपरांत अभी तक मनरेगा के तहत 65 कार्य आरंभ कर 650 लोगों को लाभान्वित किया गया है।

उन्होंने कहा कि अनुमति के उपरांत सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजना इत्यादि का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण के 84, भवन निर्माण के 60 तथा 06 पुलों का कार्य आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग द्वारा भी 60 कार्य आरंभ किए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य को भी आरंभ किया गया है। फोरलेन कार्य में संलग्न कंपनी एरिफ एवं ग्रिल द्वारा सभी निर्माण स्थलों पर निर्देशांे की अनुपालना के लिए अनुपालना अधिकारी तैनात किए गए हैं। विभिन्न विभागों द्वारा सभी निर्माण कार्य स्थलों पर नियम अनुपालना के साथ-साथ कामगारों के स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। निर्देश दिए गए हैं कि खांसी, जुखाम, बुखार एवं सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। कामगारों एवं अन्य को मास्क पहनकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्थलों पर सैनिटाइजर का प्रबंध भी किया गया है।

जिला में ग्रामोद्योग के तहत सोलन में 05 कार्य आरम्भ कर 73 लोगों को लाभान्वित किया गया है। सोलन तथा परवाणु में 06 औद्योगिक संस्थानों के माध्यम से 383 कामगारों को लाभान्वित किया जा रहा है। जिला के बद्दी क्षेत्र में अनुमति प्राप्त 22 उद्योग 24 अप्रैल से कार्य करना आरम्भ कर देंगे।
उन्होंने कहा कि शहरी इलाकों में वर्तमान में केवल सरकारी एवं अर्धसरकारी क्षेत्र में उन्हीं परियोजनाआंे का कार्य करने की अनुमति है जो पूर्व से जारी हैं।

विवेक चंदेल ने कहा कि ढील के उपरांत आरंभ किए गए यह सभी कार्य रूके हुए विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे और श्रम शक्ति को धनोपार्जन में सहायता करेंगे।उन्होंने सभी कामगारों से आग्रह किया कि सरकार के जनहित के इस निर्णय में निर्देश पालन एवं सोशल डिस्टेन्सिग अपनाने में सहयोग दें ताकि सभी कार्य बिना किसी विलंब के पूर्ण किए जा सकें।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!