Khabron wala
शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू में पब्बर नदी के किनारे चल रहा जिंदगी की तलाश का अभियान एक दर्दनाक अंत के साथ खत्म हो गया है। बखिरना पुल के पास नदी में नहाते वक्त डूबे दोनों 16 वर्षीय छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बुधवार सुबह जहां स्थानीय गोताखोर ने शिवेन का शव निकाला था, वहीं बाद में एनडीआरए की टीम ने गहन तलाशी अभियान चलाते हुए दूसरे छात्र सक्षम का शव भी बरामद कर लिया। दोनों शव मिलने के साथ ही रैस्क्यू ऑप्रेशन आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को पब्बर नदी में नहाने उतरे करासा निवासी शिवेन और बनोटी निवासी सक्षम अचानक गहरे पानी में डूब गए थे। बुधवार सुबह करासा के एक अनुभवी स्थानीय गोताखोर मंगतराम डोगरा ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसी घटनास्थल के आसपास से शिवेन का शव खोज निकाला था। शिवेन का शव मिलने के बाद सक्षम के परिजन किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन एनडीआरएफ द्वारा सक्षम का शव बाहर निकालते ही सारी उम्मीदें टूट गईं और नदी किनारे चीख-पुकार मच गई।
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने दोनों छात्रों के शव मिलने और सर्च ऑप्रेशन के समाप्त होने की पुष्टि की है। महज 16 साल के दो युवाओं की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घटना के बाद प्रशासन ने कड़ा अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों के अभिभावकों से सख्त अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से पूरी तरह दूर रहें, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को टाला जा सके।









