Khabron wala
जुब्बल तहसील के धार गांव में गुरुवार देर रात करीब 11:45 बजे भीषण अग्निकांड में पांच मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धाल्टा, नरेंद्र सिंह धाल्टा, गिंदा देवी और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार अग्निकांड में करीब तीन करोड़ रुपए की संपत्ति जलकर नष्ट होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले नानक चंद पुत्र बहिर चंद के मकान में लगी। उस समय घर में दो लोग मौजूद थे। आग की भनक लगते ही दोनों सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने आसपास के चार अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में पांचों मकान धू-धू कर जलने लगे। सूचना मिलते ही रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि अग्निकांड में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। अग्निकांड में प्रभावित मकानों के अंदर रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर नुक्सान का आकलन करने और आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं।
ग्राम पंचायत धार के प्रधान अजय सौहटा ने कहा कि फायर ब्रिगेड के समय पर पहुंचने से आसपास के घरों को बचाया जा सका। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की। उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने धार गांव में हुए अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में हुए नुक्सान के दृष्टिगत प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपदा राहत नियमावली के तहत प्रभावित परिवारों को उचित राहत एवं सहायता दिलाने के लिए मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने, मौके पर नुकसान का शीघ्र आकलन करने और आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।









