Khabron wala
पहाड़ों की रानी शिमला की सड़कों पर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ शिमला पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सोशल मीडिया पर रील बनाने और लाइक्स बटोरने के चक्कर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले एक बाइक राइडर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। हाल ही में इस बाइक राइडर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें वह लापरवाही से बाइक चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालता नजर आ रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए शिमला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया।
आदतन अपराधी है बाइक राइडर, पिछले साल भी दर्ज हुआ था मामला
पुलिस जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है कि यह राइडर पहली बार ऐसी हरकत नहीं कर रहा है। यह एक आदतन हुड़दंगी है। पिछले साल भी इस राइडर के खिलाफ शिमला के संजौली पुलिस चौकी में इसी तरह की लापरवाही और खतरनाक ड्राइविंग का मामला दर्ज किया गया था। बार-बार चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद इस राइडर की हरकतों में कोई सुधार नहीं आया, जिसके बाद अब पुलिस इसके खिलाफ और सख्त कानूनी कदम उठाने की तैयारी में है।
पुलिस की अपील, रील्स के चक्कर में जोखिम में न डालें जान
शिमला पुलिस ने स्थानीय युवाओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे सड़कों पर स्टंटबाजी न करें। सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना भारी पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की बाइक को कब्जे में लेने और उसका ड्राइविंग लाइसैंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : एसएसपी
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है। अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो गाड़ी जब्त करने के साथ-साथ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









