Khabron wala
शिमला जिले में नशे के काले कारोबार और तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रामपुर बुशहर के तहत पुलिस थाना झाकड़ी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी रामपुर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस के विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत झाकड़ी थाना पुलिस ने बीते दिन धार गौरा के समीप डोई खड्ड में नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस टीम वाहनों और संदिग्धों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 3.29 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान हितेश ठाकुर (32) पुत्र प्रताप सिंह ठाकुर, बलदेव (30) पुत्र स्वर्गीय बृज लाल और विशाल (29) पुत्र ज्योति प्रकाश निवासी रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।












