ADVERTISEMENT

Sirmour: NH-07 पर खजुरना पुल के पास बस और ट्रक में भिड़ंत, बाल-बाल बचे यात्री

Khabron wala

कालाअम्ब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। खजुरना पुल के समीप उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में बस में सवार करीब 30 से 35 यात्रियों में से किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद बस का दरवाजा पूरी तरह लॉक हो गया, जिससे यात्री अंदर ही फंस गए और घबरा गए। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और बस कर्मियों ने सूझबूझ दिखाई और बस के अगले हिस्से का शीशा (कंडक्टर साइड) तोड़कर एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अफरा-तफरी के माहौल के बीच सभी यात्रियों का सुरक्षित निकलना बड़ी राहत की बात रही।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड डिपो की बस पांवटा साहिब से दोसड़का की ओर जा रही थी। इसी दौरान नाहन की तरफ से आ रहा एक लोडेड ट्रक सड़क किनारे खड़े एक अन्य खराब ट्रक को ओवरटेक (क्रॉस) कर रहा था। इसी दौरान बस और ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि बस चालक द्वारा समय रहते वाहन को उचित साइड न देने की वजह से यह भिड़ंत हुई।

हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना नाहन की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और यातायात को सुचारू करवाया। टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!