Solan: बोलेरो, स्विफ्ट कार और बाइक पर नशे की तस्करी करते 6 युवक धरे, 34.68 ग्राम चिट्टा बरामद

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। सोलन जिले में पुलिस ने 3 अलग-अलग मामलों में चिट्टा तस्करी के आरोप में 6 युवकों को दबोचा है। गुप्त सूचना के आधार पर बिछाए गए पुलिस के जाल में ये तस्कर बोलेरो, स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल सहित पकड़े गए हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 34.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

पहली कार्रवाई जिला पुलिस सोलन की स्पैशल इन्वैस्टीगेशन यूनिट टीम ने की। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कुमारहट्टी की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार में सवार 2 युवकों को 17.92 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान तनजिन गेशे नेगी निवासी किन्नौर (29) और अश्विनी कुमार निवासी मंडी (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तस्करी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया है।

दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना परवाणू की टीम ने की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर इलाके में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें सवार 2 युवकों के कब्जे से 14.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय राहुल शर्मा पुत्र घनानंद शर्मा और 24 वर्षीय अभिषेक शर्मा पुत्र सुभाष शर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों ही आरोपी गांव धीरथ, डाकघर बनेठी, तहसील नाहन (जिला सिरमौर) के रहने वाले हैं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। यही नहीं, पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

नशे के खिलाफ तीसरी कार्रवाई को पुलिस की स्पैशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने कुनिहार में अंजाम दिया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर एसआईयू टीम ने मोटरसाइकिल पर जा रहे दो युवकों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 2.19 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान सुमित और गुरमीत के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस थाना कुनिहार में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की है, जिसके बाद फिलहाल उन्हें नोटिस देकर पाबंद कर दिया गया है। इन दोनों का भी पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस द्वारा सत्यापित किया जा रहा है। एसपी सोलन तिरुमला एसडी वर्मा ने दोनों मामले की पुष्टि की है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!