जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के सेना में तैनात लांस नायक (गनर) मुकेश कुमार (27) निवासी टोका नगला, जामनीवाला की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। जवान की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार भारतीय सेना की 15 फील्ड आर्टलरी रेजीमेंट में तैनात थे और इन दिनों देहरादून में सेवाएं दे रहे थे। वह 30 दिन की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे। वीरवार को खेतों में काम करते समय वह हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें पांवटा साहिब के जुनेजा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि जवान अभी अविवाहित थे। उनका भाई भी भारतीय सेना में तैनात है। अपने पीछे वह बुजुर्ग माता-पिता और भाई को छोड़ गए हैं। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी परिजनों ने सेना के अधिकारियों को दी। उधर, सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक Deepak Dhawan ने बताया कि उनकी यूनिट से घटना की सूचना प्राप्त हो चुकी है और जिला प्रशासन को भी अवगत करवा दिया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद जवान की पार्थिव देह परिजनों को सौंप दिया गया है । शव को डीप फ्रीजर में घर पहुंचा दिया गया है। शुक्रवार को पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।











